UP News : बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे भाई समेत तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

jhansi
11:41 AM, November 11, 2026
झांसी। बहन की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर बाइक से वापस लौट रहे भाई और उसके दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। तीनों की बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद तीनों परिवारों में कोहराम मच गया।
हादसा झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ललितपुर-रक्सा बाईपास पर हुआ। पुलिया नंबर नौ निवासी 15 वर्षीय राज अपनी बहन की शादी का कार्ड बांटने के लिए 23 वर्षीय हर्ष और 22 वर्षीय आयुष के साथ बाइक से निकला था। कार्ड बांटने के बाद तीनों दोस्त वापस झांसी लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक राज की इकलौती बहन की शादी 25 नवंबर को होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बहन की शादी से पहले भाई की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।




