UP News : बाराबंकी में ट्रेन की चपेट में आने से मां और तीन मासूम बेटियों की मौत, इलाके में मचा हड़कंप
मृतकों की पहचान किरण देवी पाल (39) और उनकी बेटियों काव्या (5 वर्ष) तथा जुड़वा बहनें अनुष्का और कनिष्का (7 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना गांधीनगर के पास रेलवे ट्रैक पर हुई।

barabanki
9:39 PM, November 13, 2026
बाराबंकी। जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मृतकों की पहचान किरण देवी पाल (39) और उनकी बेटियों काव्या (5 वर्ष) तथा जुड़वा बहनें अनुष्का और कनिष्का (7 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना गांधीनगर के पास रेलवे ट्रैक पर हुई। हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतका के पति राम तीरथ कानपुर स्थित वन अनुसंधान में अर्दली के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस की पूछताछ में पति ने बताया कि पत्नी की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। बच्चेदानी का ऑपरेशन हो चुका था तथा आंखों का इलाज भी चल रहा था। परिजनों के मुताबिक महिला शारीरिक रूप से कमजोर होने के साथ ही मानसिक रूप से भी परेशान रहती थी।
घटना के समय परिवार की 12 वर्षीय चौथी बेटी अपने पिता के साथ बाजार गई हुई थी, जिससे वह इस हादसे के समय घर पर मौजूद नहीं थी।
पुलिस ने मां और तीनों बेटियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। हादसे को लेकर विभिन्न पहलुओं पर छानबीन की जा रही है।




