UP News : मंत्री संदीप सिंह की 14 नवंबर को होगी सगाई, अलीगढ़ में जुटेंगे दिग्गज नेता
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। समारोह को लेकर आयोजन स्थल पर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।

aligarh
4:47 PM, November 13, 2026
० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के कई मंत्री होंगे शामिल
० एक हजार से अधिक वीआईपी मेहमानों के पहुंचने की संभावना
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (बेसिक शिक्षा) संदीप सिंह की सगाई समारोह को लेकर अलीगढ़ में तैयारियां तेज हो गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के प्रपौत्र संदीप सिंह की सगाई 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी स्थित मैदान में आयोजित होगी। समारोह में एक हजार से अधिक वीआईपी मेहमानों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। समारोह को लेकर आयोजन स्थल पर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। सगाई समारोह अलीगढ़ के प्रमुख आयोजनों में शामिल होने जा रहा है।
संदीप सिंह का विवाह अलीगढ़ के थाना गोंडा क्षेत्र के गांव सलगमा निवासी मेघना चौधरी के साथ तय हुआ है। खास बात यह है कि दोनों की पहचान स्कूली दिनों से है। संदीप सिंह और मेघना चौधरी अलीगढ़ के डीपीएस पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ते थे। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बाद में संदीप सिंह राजनीति में सक्रिय हो गए, जबकि मेघना चौधरी उच्च शिक्षा के लिए विदेश चली गईं। अब दोनों परिवारों में विवाह की तैयारियां चल रही हैं। 14 नवंबर को होने वाला सगाई समारोह राजनीतिक और सामाजिक दृष्टिकोण से भी खास माना जा रहा है।




