UP News : अपहरण कर तेजाब डालने से झुलसी छात्रा की उपचार के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
रहरा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक छात्रा का अपहरण के बाद तेजाब डालने से झुलसी छात्रा की मंगलवार को मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

amroha
7:06 PM, October 8, 2024
अमरोहा । रहरा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक छात्रा का अपहरण के बाद तेजाब डालने से झुलसी छात्रा की मंगलवार को मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक मामला रहरा थाना क्षेत्र के गांव पथरा मुस्तकम का है। यहां प्रकाश की 14 वर्षीय बेटी यशोदा गांव के ही एक स्कूल में कक्षा 8 की छात्रा थी। छात्रा के भाई यशवीर के मुताबिक सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे दो युवक उनके दरवाजे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घर का दरवाजा खोलने के लिए आवाज दी। जिस पर छात्रा ने दरवाजा खोल दिया। इस दौरान दोनों अज्ञात युवक छात्रा का अपहरण कर हैदलपुर के कीकर के जंगल ले गए और मारपीट कर उसके चेहरे पर तेजाब डाल दिया। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई । आरोपी घटना के बाद छात्रा को जंगल में छोड़कर फरार हो गए। गंभीर रूप से झुलसी छात्रा जैसे-तैसे घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजनों के द्वारा गंभीर रूप से घायल छात्रा को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों के द्वारा गंभीर रूप से घायल छात्रा की नाजुक हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान यशोदा (14) वर्ष की मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के भाई यशवीर सिंह ने बताया कि उसकी बहन को गांव निवासी प्रेमपाल तथा उसका बेटा योगेंद्र अपहरण कर ले गए थे। पुलिस क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर गांव निवासी प्रेमपाल तथा उसके बेटे योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।




