UP News : मैनपुरी में भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन को कुचला, तीनों की मौत
जिले के किशनी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास किशनी-कुसमरा मार्ग पर हुआ।

mainpuri
11:45 AM, April 3, 2026
मैनपुरी । जिले के किशनी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास किशनी-कुसमरा मार्ग पर हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थिति और भयावह हो गई, जब सड़क पर गिरे शवों को भी तेज रफ्तार से गुजर रहे अन्य वाहन कुचलते हुए निकलते रहे।
मृतकों की पहचान कन्नौज जिले के छिबरामऊ क्षेत्र निवासी 34 वर्षीय मोहम्मद वसीम, 50 वर्षीय सत्तार और 35 वर्षीय आफताब के रूप में हुई है। तीनों एक शादी समारोह में शामिल होने मैनपुरी आए थे और देर रात दावत से लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जोरदार धमाके की आवाज सुनकर पास स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के चौकीदार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि मृतक वसीम की पहचान उसके पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस से हुई। इस हृदयविदारक हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।



