UP News : झांसी में भीषण सड़क हादसा, अतीक अहमद के बेटे अबान की मौत
झांसी-कानपुर हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में अतीक अहमद का बेटा अबान अहमद और उसका दोस्त सोनू शामिल है।

jhansi
2:33 PM, August 6, 2026
झांसी। झांसी-कानपुर हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद और उसका दोस्त सोनू शामिल हैं।
हादसा पूंछ थाना क्षेत्र में ग्राम खिल्ली के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पूंछ ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद अबान अहमद और सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन घायलों का इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि अबान अहमद अपने भाई अली अहमद से मिलने झांसी जेल आ रहा था। अली अहमद वर्तमान में झांसी जेल में बंद है।
गौरतलब है कि अतीक अहमद के एक अन्य बेटे असद अहमद की अप्रैल 2023 में झांसी में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मौत हुई थी। अब अबान अहमद की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद एक बार फिर अतीक अहमद का परिवार चर्चा में आ गया है।
फिलहाल पुलिस हादसे की वजहों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।




