UP News : मैनपुरी में दिल दहला देने वाली वारदात, मामा की पिटाई से 6 वर्षीय भांजे की मौत
बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सैफई रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान शनिवार देर शाम अफ्फान की मौत हो गई।

mainpuri
9:45 PM, November 15, 2026
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आसरा आवास कॉलोनी में मासूम की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। छह वर्षीय अफ्फान की कथित तौर पर उसके सगे मामा द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने के बाद मौत हो गई। घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम अफ्फान की मां आसमी ने अपने भाई बबलू पुत्र अख्तर पर बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। आरोप है कि बबलू ने पहले मासूम को बुरी तरह पीटा और फिर कमरे में बंद कर जमीन पर पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सैफई रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान शनिवार देर शाम अफ्फान की मौत हो गई।
मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। बेटे को खोने के गम में मां आसमी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि मामूली विवाद में मासूम के साथ इतनी बेरहमी की गई कि उसकी जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी मामा बबलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




