UP News : बलरामपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, 3 तमंचे व खून लगी कैंची बरामद
बलरामपुर: जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से सनसनी फैल गई। घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के झौंहना गांव की है, जहां पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

balrampur
10:20 AM, August 1, 2026
बलरामपुर: जिले में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से सनसनी फैल गई। घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के झौंहना गांव की है, जहां पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में 28 वर्षीय बजरंगी गिरी, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कोमल गिरी, करीब 3 वर्षीय बेटी श्रद्धा और लगभग एक साल का बेटा जयदीप शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास कुमार सहित पुलिस के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीन लोगों को फायर आर्म इंजरी के संकेत
एसपी विकास कुमार के मुताबिक, प्रथम दृष्टया बजरंगी गिरी, उनकी पत्नी कोमल गिरी और तीन वर्षीय बेटी श्रद्धा के शरीर पर फायर आर्म इंजरी के संकेत मिले हैं। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, करीब एक साल के मासूम जयदीप के शरीर पर प्रथम दृष्टया गोली लगने की चोट नहीं मिली है। उसके शरीर पर अन्य चोटों के निशान पाए गए हैं। बच्चे की मौत का कारण भी पोस्टमार्टम के बाद ही सामने आएगा।
मौके से तीन तमंचे और खून लगी कैंची बरामद
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की जांच के दौरान परिवार के एक सदस्य ने तीन तमंचे पुलिस को सौंपे। बताया गया कि ये तमंचे शवों के पास पड़े थे, जिन्हें परिवार के लोगों ने वहां से हटा दिया था।
जिस कमरे में घटना हुई, वहां पुलिस को एक कैंची भी मिली है, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा दूसरे कमरे में रखे एक बक्से पर भी खून की बूंदें मिली हैं।
CCTV में घटना कैद नहीं
घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरे को भी पुलिस ने जांच के दायरे में लिया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में घटना कैमरे में रिकॉर्ड होती नहीं मिली है।
पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चारों मौतों की वास्तविक वजह और घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।




