UP News : प्रयागराज में पूर्व प्रधान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार
जैसे ही वह वाहन से नीचे उतरने लगे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

prayagraj
10:06 PM, September 15, 2026
प्रयागराज। हंडिया क्षेत्र में मंगलवार शाम पूर्व प्रधान पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई, जब वह अपनी कार से उतर रहे थे। गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, पवन यादव मंगलवार शाम करीब पांच बजे हंडिया क्षेत्र में अपनी कार से पहुंचे थे। जैसे ही वह वाहन से नीचे उतरने लगे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पवन यादव को अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
रंजिश की बात सामने नहीं आई
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुणावत के मुताबिक, पवन यादव हंडिया इलाके के निवासी थे। परिजनों की ओर से अभी तक किसी व्यक्ति से पुरानी रंजिश या विवाद की बात नहीं बताई गई है। हालांकि, पुलिस हत्या के पीछे की वजह समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर हंडिया थाने में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।




