UP News : ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, आखिरी बार नूडल्स खाया था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने रात में नूडल्स खाई थी। मृतक महेश की मां के बयान के आधार पर भोजन से जुड़ी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पांचों की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है ।

noida
3:47 PM, October 17, 2026
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और तीन वर्षीय बेटे साक्षात के रूप में हुई है। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
नूडल खाने के बाद मौत का संदेह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने रात में नूडल्स खाई थी। मृतक महेश की मां के बयान के आधार पर भोजन से जुड़ी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पांचों की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और फूड पॉइजनिंग की पुष्टि भी नहीं हुई है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घर में जांच-पड़ताल करते हुए खाने-पीने की वस्तुओं के नमूने लिए हैं। इन नमूनों और अन्य जांचों की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।




