UP News : झांसी में नदी में डूबने से पांच की मौत, एक साथ जलीं पिता-पुत्र और दो भाइयों की चिताएं
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर सुखनई नदी में नहाते समय पांच लोग गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक

jhansi
9:08 AM, September 30, 2026
झांसी। मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा गांव में मंगलवार को सुखनई नदी में नहाते समय हुए दर्दनाक हादसे से पूरा गांव शोक में डूब गया। नदी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जब सभी के शव गांव पहुंचे तो परिवारों में चीख-पुकार मच गई। देर रात एक साथ पांच शवों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पिता-पुत्र और दो भाइयों की चिताएं एक साथ जलती देख हर आंख नम हो गई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर सुखनई नदी में नहाते समय पांच लोग गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम के बाद देर शाम जैसे ही पांचों मृतकों के शव गांव पहुंचे, माहौल गमगीन हो गया। परिजन शवों से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। चीख-पुकार और करुण क्रंदन के बीच गांव में मातम पसरा रहा।
हादसे में एक महिला के बेटे की भी मौत हुई है। बताया गया कि महिला एक दिन पहले ही जालौन से श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने अपने मायके आई थी। लेकिन अगले ही दिन हुए हादसे में बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे को खोने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
देर रात जब पांचों मृतकों की अर्थियां उठीं और अंतिम संस्कार के दौरान पिता-पुत्र तथा दो भाइयों की चिताएं एक साथ जलीं तो पूरा गांव गम में डूब गया। एक साथ जलती पांच चिताओं का दृश्य बेहद मार्मिक था। परिजनों की चीख-पुकार और सिसकियों के बीच वहां मौजूद लोगों की भी आंखें नम हो गईं।
मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञान
हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने, उन्हें सांत्वना देने और शासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी गौरांग राठी, एसएसपी विकास कुमार और सांसद डॉ. अनुराग शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और शासन-प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।




