UP News : रामलीला मेला कमेटी को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, फायरिंग में तीन लोगों की मौत
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

pilibhit
9:06 AM, October 13, 2026
पीलीभीत। अमरिया क्षेत्र में रामलीला मेला कमेटी को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बीती रात करीब नौ बजे कई राउंड फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। गोली लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, अमरिया रामलीला मेला कमेटी को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष की ओर से कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान दूसरे पक्ष के तीन लोगों को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान अंकित गुप्ता, मोहित गुप्ता और कुनाल श्रीवास्तव के रूप में बताई गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। विवाद की वास्तविक वजह, फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।




