UP News : यूपी में बड़ा पुलिस फेरबदल, 20 IPS अधिकारियों के तबादले
उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के तहत 20 IPS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।

lucknow
1:43 PM, October 7, 2026
० कई जिलों के पुलिस कप्तान बदले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के तहत 20 IPS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। कई जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस कमिश्नरेट और PAC में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP के पद पर तैनात 2014 बैच की IPS अधिकारी रवीना त्यागी को बाराबंकी का नया पुलिस अधीक्षक (SP) नियुक्त किया गया है। वह अब बाराबंकी जिले की कानून-व्यवस्था की कमान संभालेंगी।
कई जिलों के SP बदले
तबादला सूची में बस्ती, जौनपुर, बलिया, हापुड़, गाजीपुर और बाराबंकी समेत कई जिलों के पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। बस्ती के SP यशवीर सिंह को जौनपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं जौनपुर के SP कुंवर अनुपम सिंह को PAC मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है। बलिया के SP ओमवीर सिंह को बस्ती का नया SP बनाया गया है। जबकि हापुड़ के SP कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में DCP की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में गाजीपुर के SP ईरज राजा को बलिया का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं बाराबंकी के SP अर्पित विजयवर्गीय को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में DCP नियुक्त किया गया है। तबादला सूची के तहत मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार को 04वीं वाहिनी PAC, प्रयागराज में सेनानायक बनाया गया है।
उनकी जगह बागपत के SP सूरज कुमार राय को मुजफ्फरनगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।




