UP News : देवरिया में RSS कार्यकर्ता की हत्या के बाद बड़ा पुलिस एक्शन, थानेदार समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
घटना के बाद मृतक की पत्नी अमृता देवी की तहरीर पर लार थाने में नामजद आरोपियों संजय तिवारी, दीपक तिवारी, प्रांजल तिवारी, अभिनित तिवारी, आदित्य तिवारी और निखिल तिवारी समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा

deoria
8:10 PM, October 2, 2026
० नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज
देवरिया। जिले के लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद में RSS कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी (50) की हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में लार थाना प्रभारी निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में लार के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक राममूरत राम, मुख्य आरक्षी चंद्रभान और आरक्षी प्रीतम भारती शामिल हैं। एसपी ने पूरे मामले में पुलिस की भूमिका और पूर्व शिकायतों की भी समीक्षा शुरू कराई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात भीखम छपरा गांव में सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान रामेश्वर तिवारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल रामेश्वर को परिजन इलाज के लिए सीएचसी लार ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक की पत्नी अमृता देवी की तहरीर पर लार थाने में नामजद आरोपियों संजय तिवारी, दीपक तिवारी, प्रांजल तिवारी, अभिनित तिवारी, आदित्य तिवारी और निखिल तिवारी समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को डीआईजी एस. चनपा और एसपी अभिजीत आर. शंकर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आरोपितों के घरों का भी जायजा लिया और पुलिस टीमों को जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
फिलहाल नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।




