UP News : अयोध्या में रामलला की पूजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, 15 अगस्त से लागू होगा नया ड्रेस कोड
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की पूजा-अर्चना और सेवा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब मंदिर के सभी अर्चक एक समान ड्रेस में नजर आएंगे। नया ड्रेस कोड 15 अगस्त से लागू किया जाएगा।

ayodhya
1:41 PM, August 13, 2026
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की पूजा-अर्चना और सेवा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब मंदिर के सभी अर्चक एक समान ड्रेस में नजर आएंगे। नया ड्रेस कोड 15 अगस्त से लागू किया जाएगा।
नए ड्रेस कोड के तहत सभी अर्चक पीत वस्त्र धारण करेंगे। गर्मी के मौसम में अर्चकों के लिए नीचे धोती और ऊपर उत्तरीय वस्त्र निर्धारित किया गया है। खास बात यह है कि ये वस्त्र सिले हुए नहीं होंगे, बल्कि बिना सिले हुए रेशमी वस्त्र होंगे।
वहीं, शरद ऋतु और ठंड के मौसम में अर्चकों को मौसम के अनुसार ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराए जाएंगे। मौसम में बदलाव के बावजूद वस्त्रों का रंग पीत ही रहेगा।
धार्मिक समिति के अनुसार रेशमी और ऊनी वस्त्रों को धार्मिक शुचिता की दृष्टि से उपयुक्त माना गया है। समिति के सदस्य राजकुमार दास ने नए ड्रेस कोड को 15 अगस्त से लागू किए जाने की जानकारी दी है।
इस बदलाव के बाद रामलला की पूजा-अर्चना में शामिल सभी अर्चक एक समान पारंपरिक वेशभूषा में दिखाई देंगे।




