UP News : बाराबंकी के सीओ नरेंद्र सिंह का निधन, पुलिस महकमे में शोक की लहर
शनिवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कौआ रम्पुरा गांव के पास हुए हादसे में नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे। दुर्घटना में उनके सिर, सीने और पेट में गंभीर चोटें आई थीं।

barabanki
6:14 PM, September 28, 2026
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ था हादसा
इटावा । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाराबंकी के क्षेत्राधिकारी (सीओ) नरेंद्र सिंह का रविवार देर रात उपचार के दौरान निधन हो गया। उन्होंने उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में अंतिम सांस ली।
शनिवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कौआ रम्पुरा गांव के पास हुए हादसे में नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए थे। दुर्घटना में उनके सिर, सीने और पेट में गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें तत्काल सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी जान बचाने के लिए ऑपरेशन भी किया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती गई और रविवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
सीओ नरेंद्र सिंह के निधन की सूचना मिलते ही इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक केपी सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने उपचार और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सोमवार को सैफई और ऊसराहार थाना पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद बाराबंकी के सीओ समीर सिंह पार्थिव शरीर को लेकर नोएडा के लिए रवाना हुए।
नरेंद्र सिंह मूल रूप से गौतमबुद्धनगर के सेक्टर-49 स्थित बरौला गांव के रहने वाले थे। वह स्वर्गीय अतर सिंह के पुत्र और छह भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नोएडा में नरेंद्र सिंह को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। इस दौरान पुलिस बल द्वारा उन्हें सलामी भी दी जाएगी।




