UP News : गोरखपुर हत्याकांड पर अजय राय का हमला, बोले- यूपी में चल रहा जंगलराज
गोरखपुर में दिनदहाड़े हुई पंडित शिवकुमार तिवारी की हत्या को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है।

lucknow
10:44 AM, August 12, 2026
लखनऊ। गोरखपुर में दिनदहाड़े हुई पंडित शिवकुमार तिवारी की हत्या को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने घटना को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
अजय राय ने कहा कि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद है। इसके बावजूद यहां एक युवक की तलवार से हत्या कर दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज के लोगों की हत्याएं हो रही हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सरकार लगातार जीरो टॉलरेंस की बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज जैसी स्थिति बन गई है।
अजय राय ने सरकार से गोरखपुर हत्याकांड में तत्काल कार्रवाई करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री अपने गृह जनपद में भी ऐसी घटनाओं को रोकने में सक्षम नहीं हैं, तो उन्हें इस्तीफा देकर मठ में बैठ जाना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद गोरखपुर हत्याकांड को लेकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सरकार की जवाबदेही पर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।




