UP News : आतिशबाजी की चिंगारी से पुलिस के माल मुकदमाती वाहनों में लगी भीषण आग, दर्जनों वाहन जलकर खाक
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दर्जनों माल मुकदमाती वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुके थे। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

hathras
6:31 PM, November 11, 2026
हाथरस। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी से पुलिस विभाग को भारी नुकसान होने की आशंका है। वासुदेव विद्या मार्ग स्थित पुलिस आवास के समीप खड़े माल मुकदमाती वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे दर्जनों वाहन जलकर खाक हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात गोवर्धन पूजा के बाद क्षेत्र में आतिशबाजी की जा रही थी। इसी दौरान छोड़े गए रॉकेट या किसी अन्य पटाखे की चिंगारी पुलिस आवास के निकट खड़े माल मुकदमाती वाहनों पर गिरने की आशंका जताई जा रही है। चिंगारी से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और आसपास खड़े अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आ गए।
वाहनों में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दर्जनों माल मुकदमाती वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुके थे। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रारंभिक जांच में आतिशबाजी से निकली चिंगारी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस घटना में पुलिस विभाग को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।




