UP Newe : मुरादाबाद में रोडवेज बस और गन्ने से भरी ट्रॉली की भिड़ंत, चार लोगों की मौत, कई घायल
हादसे में सरकारी शिक्षिका दीपिका चौहान, मां-बेटे अर्चना और सुशांत तथा एक अन्य यात्री लोकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

moradabad
5:16 PM, November 28, 2026
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना छजलैट क्षेत्र के लदावली के पास रोडवेज बस और गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि रोडवेज बस और गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में सरकारी शिक्षिका दीपिका चौहान, मां-बेटे अर्चना और सुशांत तथा एक अन्य यात्री लोकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला और राहत कार्य में जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।




