टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस : कोटा में ट्रेन से पकड़े गए तीन संदिग्ध, पुलिस कर रही पूछताछ
कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद डीएसपी और साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया और तीनों को पकड़ लिया।

kota
2:22 PM, October 19, 2026
० मुंबई में वारदात के बाद फरार हुए थे आरोपी, नेपाल भागने की आशंका
कोटा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की खबर है। मुंबई से ट्रेन के जरिए फरार हो रहे तीन संदिग्धों को राजस्थान के कोटा में हिरासत में लिया गया है। कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद डीएसपी और साइबर सेल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया और तीनों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, तीनों संदिग्ध पुणे-जयपुर सुपरफास्ट ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहे थे। ट्रेन के कोटा पहुंचने पर सुबह करीब 10 बजे उन्हें हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दो संदिग्ध हरियाणा और एक महाराष्ट्र का निवासी है। इनके नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही है।
गौरतलब है कि रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी। घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके चालक के घायल होने की खबर सामने आई थी। वारदात के बाद हमलावर ट्रेन से फरार हो गए थे।
मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने का दावा भी सामने आया है। हालांकि, संदिग्धों के गिरोह से संबंध और फायरिंग में उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।




