देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में नहीं हुई कोई बढ़ोत्तरी- हरदीप पुरी
उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र में भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि वास्तव में देखें तो देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है ।

sonbhadra
7:35 PM, June 20, 2026
- सोनभद्र में प्रति व्यक्ति आय बढ़ी
- राम मन्दिर के सवाल पर बचते दिखे केंद्रीय मंत्री
- सोनभद्र जल्द बनेगा मॉडल जनपद
शांतनु कुमार/आनंद चौबे
उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र में भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि वास्तव में देखें तो देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है । यहाँ एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने नवंबर 2021 ,मई 2022 तथा बीते दिनों भी केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कमी की जिससे सरकार पर रुपया 10 रुपया प्रति लीटर पेट्रोल और उतना ही डीजल का बोझ पड़ा ।
पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में कच्चे तेल के दाम कम हुए हैं तो क्या भारत में भी दाम कम होंगे श्री पुरी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ में कुल 193 देश हैं उनमें सिर्फ़ जापान है जहाँ पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्यों में भारत के मुक़ाबले कम वृद्धि हुई है l उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के मूल्यों में कुल वृद्धि 7रुपया 60 पैसे की वृद्धि हुई जिसकी तुलना अगर वर्ष 2022 में शुरू हुए रूस यूक्रेन युद्ध के समय के मूल्यों से की जाय तो वास्तव में कोई वृद्धि नहीं हुई है ।मंत्री ने कहा कि स्टेट ऑफ़ होर्मुज की लड़ाई के कारण पेट्रोलियम कंपनियों को एक हज़ार करोड़ रुपये रोज़ का नुक़सान हो रहा था लेकिन सरकार ने उस नुक़सान को लोगों तक नहीं पहुँचने दिया l उन्होंने कहा कि यदि 2022 के दामों से तुलना करेंगे तो वह कम हुआ है । पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि अभी कंपनियों के पास अधिक दामों में ख़रीदे हुए कच्चे तेल का भंडार है जब कम क़ीमत वाले कच्चे तेल की आपूर्ति कंपनियों तक पहुंचेगी उसके बाद दाम गिरने की संभावना है l
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा मामले में हुई कथित घपलेबाजी के मामले में पूछे जाने पर उन्होंने ध्यान बटाते हुए बारह साल के शासन में हुए विकास की चर्चा शुरू कर दी l
मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता संभाली थी उस समय हमारे देश की अर्थव्यवस्था विश्व में 11 वें स्थान पर थी वहीं अब हमारा देश 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन गया है l उन्होंने कहा कि वर्तमान में हमारी अर्थव्यवस्था काफ़ी तेज गति से बढ़ रही है । उन्होंने कहा कि 2018 में सोनभद्र की प्रति व्यक्ति आय 43000 रुपये थी जो अब बढ़ कर एक लाख बीस हज़ार हो गई है l मंत्री ने कहा कि काम अभी भी बचा है और उसमें हम सभी लगे हुए हैं l उन्होंने माना कि जल जीवन मिशन में सोनभद्र सहित देश भर में कुछ समस्याएँ हैं लेकिन उन पर काम किया जा रहा है l इसके अतिरिक्त उन्होंने शासन की उपलब्धियों को भी गिनाया ।




