निशु आजाद के पिता से मारपीट करने का आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज गिरफ्तार, पॉडकास्ट में कबूला था जुर्म
दिल्ली के जंतर मंतर में निशु आजाद के पिता संजय से मारपीट करने के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को पुलिस ने बुलंद शहर से गिरफ्तार कर लिया है।

delhi
6:37 PM, September 4, 2026
दिल्ली के जंतर मंतर में निशु आजाद के पिता संजय से मारपीट करने के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को पुलिस ने बुलंद शहर से गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि एक पॉडकास्ट क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इस क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने दावा किया कि उसी ने संजय कुमार के सिर पर वार किया था और राजनीतिक प्रभाव के कारण उसके खिलाफ कोई बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और वह आसानी से बच निकला।
स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर कहा कि कपिल मिश्रा उसके बड़े भाई हैं। उसने यह दावा भी किया कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उसके बड़े भाई हैं। उन्हें सभी का समर्थन प्राप्त है।
पॉडकास्ट वायरल होने के बाद राहुल गाँधी ने भी निशु आजाद को मदद देने की बात कही थी। पूरा मामला उस समय बढ़ गया जब सीजेपी के नेता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका अपनी कार्यकर्ता निशु आजाद और उनके पिता संजय के लिए न्याय की मांग को लेकर शुक्रवार नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे। इस दौरान निशु आजाद भी वहां मौजूद थीं। सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनकी साथी निशु के पिता संजय आजाद के साथ मारपीट हुई और उनका सिर फोड़ा गया। आरोपी खुद कबूल कर रहा है कि उस पर हत्या के प्रयास का केस बनता था लेकिन दिल्ली पुलिस ने उस व्यक्ति के साथ कुछ नहीं किया। हालांकि, पुलिस ने 72 घंटे में कार्रवाई की बात कही थी मगर भारी दबाव के बाद 4 घण्टे में ही स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया।




