Sonbhadra Update News : मिट्टी का टीला ढहने से तीन महिलाओं की मौत, दो घायल
थाना अंतर्गत ग्राम किरवानी के जंगल में सोमवार को प्रातः मिट्टी का टीला खिसक जाने से तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं ।

sonbhadra
2:01 PM, February 23, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर (सोनभद्र)। स्थानीय थाना अंतर्गत ग्राम किरवानी के जंगल में सोमवार को प्रातः मिट्टी का टीला खिसक जाने से तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं । मृतक महिलायें कुछ अन्य महिलाओं के साथ होली के पूर्व अपने कच्चे घरों की लिपाई , पुताई करने के लिए मिट्टी लेने गई थीं l उक्त जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने दी ।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि आसपास के इलाकों की लगभग आधा दर्जन महिलाएं सोमवार की सुबह किरवानी के जंगल में कच्चे घरों की लिपाई, पुताई में काम आने वाली छुही मिट्टी (सफेद मिट्टी) लेने के लिए गई थीं l उन्होंने बताया कि महिलाएँ मिट्टी के एक टीले के पास मिट्टी खोद रही थीं तभी अचानक टीला खिसक गया और महिलाएं उसमें दब गईं l उक्त घटना की सूचना मिट्टी खोदने गई एक महिला ने ही गांव वालों को दी l ग्रामीणों से घटना की सूचना 112 के माध्यम से मिलने पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस बल एवं स्थानीय लोगों की मदद से तीन महिलाओं को बाहर निकाला जिन्हें तत्काल म्योरपुर सी एच सी ले जाया गया जहाँ उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया l उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सदीकुन्निशा पत्नी कमरुद्दीन 30 , अनिशा ख़ातून पत्नी मिराज 20 एवं सीता कुँवर पत्नी देवबरन 28 के रूप में हुई l
एस पी ने बताया कि अब किसी अन्य के दबे होने की संभावना नहीं है l उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए वान विभाग से सहयोग लेकर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी ।




