Sonbhadra Update News : मंडी में आगजनी से 40 लाख से अधिक का नुकसान, आग में स्वाहा हो गए बाइक कार फल और सब्जियां
अग्निशमन प्रभारी ने बताया कि आग की चपेट में आने से वहाँ खड़ी दो मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं जबकि एक कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई ।

sonbhadra
12:21 PM, October 20, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के राबर्ट्सगंज थाना अंतर्गत सोमवार की देर रात्रि में मंडी समिति के परिसर में भीषण आग लगने से एक दर्जन आढ़त एवं दुकानें खाक हो गईं l उक्त जानकारी एक अधिकारी ने दी।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी करण सिंह यादव ने बताया कि सोमवार को रात्रि 11.12 बजे मंडी परिसर में आग लगने की सूचना मिली जिसपर तत्काल कार्यवाही की गई तथा 11.17 बजे पहली दमकल वाहन और 11.30 बजे दूसरी दमकल वाहन ने पहुंच कर आग पर क़ाबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया । उन्होंने बताया कि उक्त घटना में एक दर्जन आढ़तियों के प्रतिष्ठान एवं दुकानें जल गईं । अग्निशमन प्रभारी ने बताया कि आग की चपेट में आने से वहाँ खड़ी दो मोटरसाइकिलें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं जबकि एक कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई l उन्होंने बताया कि दमकल के कुल आठ वाहनों का प्रयोग कर आग पर देर रात क़ाबू पाया गया l
आग के कारण मंडी समिति संघ के अध्यक्ष राकेश सोनकर, प्रदीप सोनकर, करन सोनकर एवं राणा सोनकर तथा जगदीश सोनकर सहित कई व्यापारियों के प्रतिष्ठान जलकर खाक हो गए । व्यापारियों ने बताया कि शुरुआती अनुमान के अनुसार लगभग 40 लाख से अधिक की क्षति हुई है l व्यापारी प्रतिनिधियों ने बताया कि मंडी समिति के शेड नम्बर दो के नीचे जिन व्यापारियों के सामान आलू , लहसुन , प्याज ,केला आदि रखे हुए थे उनको भारी क्षति हुई है ।




