घटना के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने घायल को तत्काल सीएचसी चोपन पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अगोरी खास चौरा निवासी श्रीधर यादव, पुत्र स्वर्गीय राम निहोर यादव, के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घरेलू कार्य से अपने घर से चोपन की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त इनोवा वाहन को कब्जे में ले लिया। हालांकि हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है। सीएचसी चोपन के ईएमओ डॉ. नवनीत श्रीवास्तव ने बताया कि दोपहर लगभग 12:40 बजे श्रीधर यादव (उम्र लगभग 72 वर्ष) को उनके भाई राजकुमार द्वारा अस्पताल लाया गया था। यह सड़क दुर्घटना का मामला था और अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। प्राथमिक परीक्षण में उनके सिर पर गंभीर चोट और बाएं पैर में चोट पाई गई। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई थी और वह आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई। उधर, श्रीधर यादव की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।