Sonbhadra News : नौकरी की चाह में दलालों के जाल में फंस रहे युवा! जेएनएम की नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े तीन लाख की ठगी
बेरोजगारी और नौकरी की बढ़ती होड़ के बीच शिक्षित युवा अब नौकरी दिलाने वाले दलालों के जाल में फंसकर अपनी जमा-पूंजी गंवा रहे हैं। सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने..

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
1:12 AM, May 8, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• इंटरव्यू के नाम पर वाराणसी भेजा, अस्पताल पहुंचने पर खुला फर्जीवाड़े का राज
• आरोपी पर पहले भी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मुकदमा दर्ज, फिर भी कार्रवाई नहीं
सोनभद्र । बेरोजगारी और नौकरी की बढ़ती होड़ के बीच शिक्षित युवा अब नौकरी दिलाने वाले दलालों के जाल में फंसकर अपनी जमा-पूंजी गंवा रहे हैं। सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह लगातार सक्रिय हैं, लेकिन कार्रवाई की धीमी रफ्तार ऐसे लोगों के हौसले बुलंद कर रही है। ऐसा ही एक मामला रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है, जहां जेएनएम की नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला से साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगा है।
पीड़ित हर्षनगर निवासी अल्ताफ अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी साहिबा अख्तर ने जेएनएम की पढ़ाई की है। आरोप है कि राजकीय पॉलिटेक्निक के पास लोढ़ी निवासी राममूर्ति सिंह उर्फ राजू पुत्र मुन्ना सिंह ने उनकी पत्नी की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में आरोपी ने 19 फरवरी 2026 को उनके घर पहुंचकर उनकी पत्नी और मित्र अतुल त्रिपाठी के सामने 3.50 लाख रुपये ले लिए।
पीड़ित के अनुसार, अगले ही दिन 20 फरवरी को आरोपी ने उनकी पत्नी को इंटरव्यू के लिए टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल वाराणसी भेज दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि वहां किसी प्रकार का कोई इंटरव्यू आयोजित ही नहीं किया गया था। इसके बाद परिवार को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।
अल्ताफ अहमद का आरोप है कि रुपये के लेन-देन और इंटरव्यू के नाम पर भेजे जाने से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। जब उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर कई अन्य लोगों से भी रुपये वसूल चुका है तथा उरमौरा स्थित मुहूर्त मंजरी भवन में बाकायदा कार्यालय संचालित करता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी के खिलाफ यह पहला मामला नहीं है। लगभग एक वर्ष पूर्व भी रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में दो लोगों से वार्ड बॉय की नौकरी दिलाने के नाम पर 3.40 लाख रुपये की ठगी करने का मुकदमा दर्ज हुआ था। दुद्धी के चैनपुर निवासी दिनेश कुमार और आजनगिरा लिलासी निवासी मनोज कुमार ने आरोप लगाया था कि राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल में नौकरी दिलाने के नाम पर राममूर्ति सिंह समेत तीन लोगों ने उनसे लाखों रुपये वसूले थे।




