Sonbhadra News : युवक की लखनऊ में निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर मौत, गांव में पसरा मातम
दुद्धी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जामपानी निवासी 24 वर्षीय देवकुमार गोंड पुत्र रामरतन गोंड की लखनऊ के गोमतीनगर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरने से मौत हो गई।

sonbhadra
1:56 PM, September 5, 2026
धर्मेंद्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र) । दुद्धी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत जामपानी निवासी 24 वर्षीय देवकुमार गोंड पुत्र रामरतन गोंड की लखनऊ के गोमतीनगर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि देवकुमार गोंड लखनऊ के गोमतीनगर में काम कर रहे थे। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे वह निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम के दौरान अचानक नीचे गिर गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर वहां मौजूद लोगों और सहकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी परिवार वालों को मिलते ही परिजन गहरे सदमे में आ गए। बताया जा रहा है कि देवकुमार की शादी अप्रैल 2026 में हुई थी। शादी के महज कुछ ही महीने बाद हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। नवविवाहित युवक की मौत से पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद कंपनी की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। वहीं, परिजनों ने कंपनी से उचित एवं अधिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को भविष्य में कुछ सहारा मिल सके।
हादसे के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के पश्चात देवकुमार का शव उनके पैतृक गांव जामपानी लाया गया और परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में नजदीकी नदी तट स्थित घाट पर देवकुमार गोंड का अंतिम संस्कार किया गया।
देवकुमार अपने पीछे नवविवाहिता पत्नी समेत परिवार को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिजनों के साथ-साथ पूरे जामपानी गांव में गहरा शोक व्याप्त है।




