Sonbhadra news : ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, इलाके में सनसनी
रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई।

sonbhadra
9:56 AM, October 12, 2026
- मुरी एक्सप्रेस से हादसा, रात 1:40 बजे हुई घटना; दो बेटियों और दिव्यांग मां के सिर से उठा सहारा
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र के सलखन स्थित चुड़िहर मंदिर के समीप रविवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव की शिनाख्त कर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कमलेश (लगभग 35 वर्ष), पुत्र रामजीवन के रूप में हुई है। अगोरी रेलवे स्टेशन के बड़े बाबू रामानंद ने बताया कि रात करीब 1:40 बजे मुरी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की गई।
बताया जाता है कि कमलेश लंबे समय से पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहा था। वह अपनी दो बेटियों और दिव्यांग मां के साथ रहकर मेहनत-मजदूरी करता था और इसी के सहारे परिवार का भरण-पोषण करता था।
रविवार देर रात युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो बेटियों और दिव्यांग मां के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभाल रहे कमलेश की मौत से परिजनों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। रेलवे पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।




