Sonbhadra News : हाइटेंशन लाइन की चपेट में युवक की मौत
म्योरपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय क़स्बे के लिलासी मोड़ पर बुधवार को दोपहर 12 बजे मकान की छत पर टीन सेड लगा रहे मिस्त्री की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।

sonbhadra
9:38 PM, April 29, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के स्थानीय क़स्बे के लिलासी मोड़ पर बुधवार को दोपहर 12 बजे मकान की छत पर टीन सेड लगा रहे मिस्त्री की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जफर उर्फ सुहैल 24 वर्ष पुत्र नसीम अहमद निवासी म्योरपुर के रूप में हुई। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर जफर म्योरपुर के लिलासी मोड़ स्थित एक प्राइवेट डाक्टर के घर की छत पर टीन सेड लगा रहा था उसके साथ गांव का ही एक युवक बंशी भी काम कर रहा था।छत के उपर 11 हजार का हाइटेंशन लाइन गुजरा है। उस दौरान बिजली आपूर्ति चालू थी।काम करने के दौरान युवक हाइटेंशन लाइन की चपेट में आकर 20 फीट नीचे जमीन पर गिर पड़ा।साथ में काम कर रहा बंशी युवक यह देख मकान मालिक को बुलाया। तुरंत निजी वाहन से युवक को सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया गया जहां उपस्थित चिकित्सक डा० पल्लवी सिन्हा ने जांच के बाद मृत लाया घोषित कर दिया।उधर मृतक के परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही पूर्वक काम कराने का आरोप लगाते हुए म्योरपुर थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। मृतक के पिता ने थाने में दिए तहरीर में बताया कि मकान मालिक ने घर से उसके लड़के को काम कराने ले गया था जबकि मेरा लड़का वहां जाने को तैयार नहीं था। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेज दिया । इस संबंध में थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा ने बताया कि लिखित शिकायत मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।आगे की कार्यवाही की जा रही है।



