Sonbhadra News : फंदे से लटककर युवक ने समाप्त की जीवनलीला, घर मे मातम
19 वर्षीय युवक के असामयिक मौत से पिता बेसुध है,मां का रो-रो कर बुरा हाल है।घर में मातम पसरा हुआ है

सोनभद्र
8:08 PM, April 1, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के हीराचक पोलवा गांव में 19वर्षीय देवानंद पांडेय पुत्र आनंद कुमार पांडेय ने घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय युवक घर में अकेला था।
बताया गया कि उसके पिता जजमानी कार्य के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जबकि मां कलावती देवी, जो आशा कार्यकर्ता हैं, देर शाम घर लौटीं तो घर में अंधेरा मिला। कमरे में पहुंचते ही बेटे को फंदे से लटका देख उनकी चीख निकल गई, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और ग्राम प्रधान व पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से मिले सुसाइड नोट में देवानंद पांडेय ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है, लेकिन कारणों का कोई जिक्र नहीं किया, जिससे मामला रहस्यमय बना हुआ है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है, वहीं घटना के बाद गहरा शोक व्याप्त है।



