Sonbhadra News: युवक ने फांसी लगाकर दी जान, दुधमुंही बच्ची के सिर से उठा पिता का साया
दंपती की चार माह की एक बेटी भी है। परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी अपने मायके वाराणसी चली गई और वहीं रह रही थी।

sonbhadra
8:12 PM, November 2, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र)। नगर के चूड़ी गली निवासी एक युवक ने घर के बंद कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर झूल गया । युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मृतक की चार माह की दुग्धमुही मासूम बेटी है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक अर्जुन (26) पुत्र स्वर्गीय लालचंद चूड़ी गली, ओबरा का निवासी था और आजीविका के लिए कभी कभार मछली बेचता था, उसकी शादी 2 वर्ष पूर्व 2024 में गुंजन के साथ हुई थी। दंपती की चार माह की एक बेटी भी है। परिजनों के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी अपने मायके वाराणसी चली गई और वहीं रह रही थी।
बताया जा रहा है कि फांसी लगाने की घटना से कुछ घंटे पहले अर्जुन को रेलवे लाइन की तरफ देखा गया था। इसके बाद वह घर पहुंचा और बंद कमरे में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों की ओर से दी गई जानकारी में यह भी बताया गया कि घटना के समय वह नशे की हालत में था और उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। युवक की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। चार माह की बच्ची के भविष्य को लेकर भी परिजनों की चिंता बढ़ गई है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।




