Sonbhadra News : रसोइयों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, ₹ 1 हजार बढ़ा मानदेय, दोगुना हुआ यूनिफॉर्म भत्ता और मिला स्वास्थ्य कवच
रसोइयों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, ₹ 1 हजार बढ़ा मानदेय, दोगुना हुआ यूनिफॉर्म भत्ता और मिला स्वास्थ्य कवच......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
4:17 PM, August 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । स्कूलों में बच्चों के लिए चूल्हे की आंच संभालकर उनके पोषण की जिम्मेदारी निभाने वाले पीएम पोषण योजना के रसोइयों के लिए रविवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ उन्हें स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा की कई बड़ी सौगातें दीं। सोनभद्र कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना गया।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब रसोइयों का मासिक मानदेय ₹2,000 से बढ़कर ₹3,000 हो जाएगा। यानी हर माह सीधे ₹1,000 की अतिरिक्त राहत मिलेगी। इसके साथ ही साड़ी/यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाला वार्षिक भत्ता भी ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दिया गया है।
सबसे बड़ी राहत स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर मिली है। अब रसोइयों के साथ उनके परिवार को भी ₹5 लाख तक की वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। वहीं दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में परिवार को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार के इस फैसले से कम मानदेय में परिवार का सहारा बने रसोइयों को आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा की बड़ी ताकत मिलेगी।
रसोइयों का सम्मान, उनके श्रम का सम्मान -
कार्यक्रम में राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव कुमार गोंड ने कहा कि "विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका बेहद अहम है। वे प्रतिदिन पूरी निष्ठा और सेवाभाव से बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जिम्मेदारी निभाते हैं। मानदेय बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा और आर्थिक सहायता का विस्तार उनके श्रम, समर्पण और सेवाभाव के प्रति सरकार के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रसोइयों के साथ उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलने से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक संबल देने की दिशा में लगातार काम कर रही है।"
बच्चों की थाली से जुड़ा है रसोइयों का योगदान - डीएम
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "पीएम पोषण योजना केवल बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि उनके बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल है। बच्चों की थाली तक पौष्टिक भोजन पहुंचाने में रसोइयों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि, परिवार सहित कैशलेस चिकित्सा सुविधा, यूनिफॉर्म भत्ते में बढ़ोतरी और दुर्घटना में आर्थिक सहायता से रसोइयों का सामाजिक सम्मान बढ़ने के साथ उनका आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा कवच भी मजबूत होगा। जनपद में पीएम पोषण योजना का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जा रहा है।"
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, रसोइयों और उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।




