Sonbhadra News : नागपंचमी पर आयोजित अखाड़े में पहलवानों ने आजमाए दाव
नागपंचमी के अवसर पर विंढमगंज तथा महुली खेल मैदान पर अखाड़े के आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के पहलवान सम्मिलित हुए

सोनभद्र
9:57 PM, August 17, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। नागपंचमी के पावन अवसर पर विंढमगंज स्थित हनुमान मंदिर परिसर में सोमवार की शाम पारंपरिक कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। शाम करीब 4 बजे शुरू हुए इस दंगल में आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने दांव-पेच और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अगुवाई आनंद द्विवेदी ने की। दंगल का शुभारंभ विधिवत पूजा-पाठ के साथ किया गया। पूजा के बाद अखाड़े में पहलवानों के बीच मुकाबले शुरू हुए। सबसे पहले केवाल और घिवही क्षेत्र के पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। दोनों पहलवानों के बीच हुए मुकाबले को देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा। नागपंचमी के अवसर पर आयोजित इस पारंपरिक दंगल ने क्षेत्र की पुरानी खेल एवं कुश्ती परंपरा की याद ताजा कर दी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को आयोजकों की ओर से नगद पुरस्कार एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में संचालक अछेवर नाथ, संजीत गुप्ता सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं महुली में नाग पंचमी के पावन पर्व पर सोमवार को राजा बरियार शाह खेल मैदान महुली में परंपरागत भव्य कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेंद्र चौधरी, मंडल अध्यक्ष विंढमगंज तथा विशिष्ट अतिथि सत्यनारायण कन्नौजिया, जिला स्काउट कमिश्नर सोनभद्र एवं विंध्याचल प्रसाद कन्नौजिया ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर किया। दंगल की पहली कुश्ती अनुराग जोरूखाड़ और संदीप के बीच हुई, जिसमें संदीप ने बाजी मारी। इसके बाद संदीप और संजय महुली के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। संजय ने शानदार दांव लगाते हुए संदीप को चित कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसके बाद आयुष, संजय, दिलीप कुमार, मुकेश कुमार, अभय, रंगीला, अमरनाथ फुलवार और चंद्रप्रकाश विंढमगंज समेत कई पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपने हुनर का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता के समस्त विजेता पहलवानों को नगद धनराशि, विशेष पुरस्कार और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उदय शर्मा, मनीष कुमार, अनूप कुमार, रूपेश कुमार, सूरज कुमार, सोनू कुमार सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण, खेलप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




