Sonbhadra News : व्यापारियों के विरोध पर रुका स्मार्ट मीटर लगाने का काम
नगर में आज स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पहुंचे विद्युत निगम के कर्मचारियों को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों के विरोध के बाद कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया.....

बिजली विभाग के विरुद्ध शीतला मंदिर चौक के पास धरने पर बैठे व्यापारी.....
sonbhadra
8:51 PM, October 24, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नगर में आज स्मार्ट मीटर लगाने के लिए पहुंचे विद्युत निगम के कर्मचारियों को व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों के विरोध के बाद कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया।
जिला मुख्यालय के रॉबर्ट्सगंज नगर के मेन मार्केट में आज स्मार्ट मीटर लगाने आए बिजली विभाग के कर्मचारियों को व्यापारियों का विरोध झेलना पड़ा। इस दौरान तीनों व्यापार संगठनों उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन ने संयुक्त रूप से विद्युत विभाग के खिलाफ मुख्य चौक पर धरना प्रदर्शन कर उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर न लगाए जाने की मांग की। उन्होंने बिजली विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली विभाग मनमानी तरीके से जबरन स्मार्ट मीटर लगा उपभोक्ताओं का शोषण कर रहा है। व्यापारियों का कहना है कि सरकार का स्पष्ट आदेश है कि बिना उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जा सकता, लेकिन विभाग इसका उल्लंघन कर रहा है। व्यापारियों के बढ़ते आक्रोश के कारण बिजली विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने का काम रोक दिया, वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया गया कि जिलाधिकारी के साथ बैठक करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल जैन ने बताया कि "स्मार्ट मीटर लगने के बाद व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।"
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि "वर्तमान में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर जनहित में नहीं हैं।"
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने विभाग पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि "एक तरफ जहां व्यापारियों के 5 से 10 हजार रुपये के बकाया पर भी विद्युत कनेक्शन काट दिए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर प्रभावशाली लोगों और सरकारी विभागों के बड़े बकायेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। कई उपभोक्ताओं ने यह भी शिकायत की है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद वास्तविक खपत से ज्यादा यूनिट दर्ज हो रही हैं और हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी समाधान में कई दिन लग जाते हैं।"
इस दौरान विमल अग्रवाल, नरेंद्र गर्ग, राजेश बंसल, प्रमोद गुप्ता, पवन जैन प्रशांत जैन, आनंद जायसवाल, राजेश जायसवाल, दीप सिंह पटेल, सिद्धार्थ सांवरिया, अजीत सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण मौजूद रहे।




