Sonbhadra News : बैंक से रुपये निकालकर जा रही महिला से छिनैती, ग्रामीणों ने तीन उच्चकों को पकड़ा
गोलगप्पे का रुपये देते वक्त उसके बड़ी रकम पर उचक्कों की निगाह पड़ गई। जैसे ही वह और उसके साथ के स्वजन टोटो में सवार हुए तभी बाइक सवार उचक्कों ने झोला छीन लिया और मौके से भागने लगे।

sonbhadra
9:40 PM, November 3, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल (सोनभद्र) । घोरावल क्षेत्र के पटका चौराहा पर छिनैती की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बैंक से रुपये निकालकर टोटो में सवार होकर घर जा रही चोरट निवासी रीता देवी को निशाना बनाते हुए बाइक सवार तीन लोगो ने उसके पास मौजूद झोले में रखा नकदी और मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़िता के शोरगुल करने तथा आसपास मौजूद लोगों की तत्परता से तीनों आरोपितो को भागने का मौका नहीं मिला। सीओ राजेश कुमार राय ने बताया कि निजी बैंक से 30 हजार रुपये निकालकर रीता देवी अपने स्वजन के साथ बैंक से घर जा रही थी। रास्ते में चौराहे पर गोलगप्पे खाने लगी। गोलगप्पे का रुपये देते वक्त उसके बड़ी रकम पर उचक्कों की निगाह पड़ गई। जैसे ही वह और उसके साथ के स्वजन टोटो में सवार हुए तभी बाइक सवार उचक्कों ने झोला छीन लिया और मौके से भागने लगे। उसने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल उसकी ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे तीनों आरोपितो को घेरकर पकड़ लिया। मिली सूचना पर सभी आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं।




