Sonbhadra News : पेड़ से लटका मिला महिला का शव, क्षेत्र में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बबिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उसे अक्सर दौरे भी पड़ते थे। हालांकि, मौत के सही कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

sonbhadra
8:22 PM, November 9, 2026
मुमताज खान/जयनाथ मौर्या (संवाददाता)
सुकृत (सोनभद्र) । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी अंतर्गत कटलहिया स्थित पाल दरी के पास सोमवार दोपहर एक महिला का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार (9 नवंबर 2026) को दोपहर करीब 2:35 बजे पुलिस को सूचना मिली कि पाल दरी स्थित अरविंद बाबा आश्रम (कटलहिया) के समीप एक महिला का शव पेड़ से लटक रहा है। सूचना मिलते ही सुकृत चौकी प्रभारी विष्णु प्रभा सिंह और उपनिरीक्षक रामासरे यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतका की पहचान कटलहिया निवासी बबिता वैगा (35 वर्ष) पत्नी बलिराम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बबिता पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अपने मायके में ही रह रही थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिसमें एक पांच वर्षीय पुत्री हिमांशी और लगभग डेढ़ वर्षीय पुत्र गौरव है। मृतका का पति बलिराम वर्तमान में रोजगार के सिलसिले में दिल्ली में रहता है।
पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बबिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उसे अक्सर दौरे भी पड़ते थे। हालांकि, मौत के सही कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेज दिया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।




