Sonbhadra News : जंगली सुअर के हमले में महिला घायल, बायाँ पैर फ्रैक्चर
घायल महिला को परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

sonbhadra
6:47 PM, September 29, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली टोला टहरिया खौली गांव में मंगलवार को शौच के लिए गई महिला पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। हमले में महिला का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। घायल महिला को परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
महुली टोला टहरिया खौली निवासी चांदमुन्नी (55) पत्नी स्व. कामेश्वर मंगलवार को घर से शौच के लिए गई थीं। शौच के बाद वह वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय अचानक जंगल की ओर से निकले जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया। सुअर ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हमला करने के बाद जंगली सुअर जंगल की ओर भाग गया।
महिला के घायल होने की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना एंबुलेंस को दी। 108 एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी दुद्धी लाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में जंगली सुअर को लेकर ग्रामीणों में दहशत है।




