Sonbhadra News : जामुन के पेड़ से गिरकर घायल महिला की इलाज के दौरान मौत
स्थानीय थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया । जब एक महिला की पेड़ से गिरने के बाद इलाज़ के दौरान मौत हो गई।

sonbhadra
5:28 PM, June 16, 2026
घनश्याम पांडेय (संवाददाता)
ओबरा (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया । जब एक महिला की पेड़ से गिरने के बाद इलाज़ के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला जामुन तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ी थी, तभी डाल टूट गई और वह नीचे गिर गई। स्थानीय लोगों द्वारा पीआरबी पुलिस घटना की सूचना दी गई लेकिन पीआरबी पुलिस मौके पर काफी देर तक नहीं पहुंची जिसके बाद लोगों ने बिना एंबुलेंस का इंतजार किये निजी वाहन से अस्पताल ले गये। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी के टोला खैरटिया निवासी विनोद कुमार अगरिया की लगभग 27 वर्षीय पत्नी श्रीमती जामुन तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ी थीं। इसी दौरान पेड़ की डाल अचानक टूट गई, जिससे वह सीधे जमीन पर गिर गईं, उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और बेसुध हो गईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने निजी वाहन से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजन शव को अपने आवास ले आये, जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, अब मां की गैरमौजूदगी में छोटे बच्चों के भविष्य और लालन पालन की चिंता सताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।




