Sonbhadra News : आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत, घर में मचा कोहराम
थाना क्षेत्र के मुडिसेमर ग्राम पंचायत में बुधवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

sonbhadra
6:28 PM, July 15, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के मुडिसेमर ग्राम पंचायत में बुधवार दोपहर तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के मुताबिक मुडिसेमर निवासी भोला हलवाई की पत्नी मुन्नी देवी उम्र 32 वर्ष बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे घर के मवेशियों एवं बकरियों को खेत से वापस लाकर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों- नीतीश कुमार (7 वर्ष), अनिकेत कुमार (6 वर्ष), नैना कुमारी (5 वर्ष) और नंदनी कुमारी (4 वर्ष) को छोड़ गई हैं।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची।उपनिरीक्षक सुनील राय एवं वीर बहादुर यादव ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।




