Sonbhadra News : गांजा के साथ महिला गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराध और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत म्योरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

sonbhadra
8:58 PM, March 12, 2026
एस प्रसाद (संवाददाता)
म्योरपुर (सोनभद्र) । पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराध और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत म्योरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को पुलिस ने 10 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। थानाध्यक्ष रामदरश राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 40/2026 धारा 8/20/270/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मीरा देवी उर्फ गुड़िया (48 वर्ष) पत्नी जितेंद्र नाथ उर्फ मुन्ना निवासी कुंडाडीह टोला चंद्रभान नगर, थाना म्योरपुर को गिरफ्तार किया। वर्तमान में वह पूर्वी परासी, थाना अनपरा क्षेत्र में रह रही थी। पुलिस ने उसके पास से एक बोरी में रखे 10 पैकेटों में कुल 10 किलो 150 ग्राम गांजा, परिवहन में प्रयुक्त डीजायर कार संख्या UP64AV3973, दो मोबाइल फोन और 710 रुपये बरामद किए।
पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह सुरेन्द्र यादव उर्फ सोनू निवासी अंजानी (थाना बीजपुर) और लल्लन कुमार रवानी निवासी महुली जरहा (थाना म्योरपुर) के साथ मिलकर गांजा की तस्करी करती थी। अनपरा में किसी अज्ञात व्यक्ति को गांजा पहुंचाने के बदले उन्हें अच्छी रकम मिलती थी। इसी अवैध कमाई से लल्लन रवानी ने बरामद डीजायर कार खरीदी थी। पुलिस के अनुसार महिला के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस और गैंगेस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। मामले में वांछित आरोपी लल्लन कुमार रवानी और सुरेन्द्र यादव की तलाश जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रामदरश राम, उपनिरीक्षक गुलाब सोनकर, महिला हेड कांस्टेबल संगीता पाठक और कांस्टेबल शिवेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।



