Sonbhadra News : जाम से झाम से मिलेगी मुक्ति, रॉबर्ट्सगंज में रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए सर्वे कार्य शुरू
चोपन-चुनार रेलमार्ग स्थित रॉबर्ट्सगंज क्राॅसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण का इंतजार खत्म हो गया है। जल्द ही करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसको लेकर.....

sonbhadra
2:40 PM, February 7, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । चोपन-चुनार रेलमार्ग स्थित रॉबर्ट्सगंज क्राॅसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण का इंतजार खत्म हो गया है। जल्द ही करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसको लेकर आज से रेलवे विभाग ने सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया है।
लंबे समय से हो रही थी ओवर ब्रिज की मांग -
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रयागराज अंतर्गत चोपन-चुनार रेलमार्ग का विद्युतीकरण होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ गई है। मौजूदा समय में 30 ट्रेनों संचालन हो रहा है। लगातार ट्रेनों के आवागमन के चलते लंबे समय तक रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर अक्सर गेट (नंबर 37) बंद रहता है। एक ट्रेन गुजरने के बाद जब तक फाटक खुलने के इंतजार में लोग खड़े रहते हैं, तब-तक दूसरी ट्रेन आ जाती है। इससे क्राॅसिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। विशेषकर व्यस्त समय में यहां लंबी-लंबी वाहनों की कतारें लग जाती थीं, एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी जाम में फंसना पड़ता है। वहीं लगन के दिनों में तो वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं। यहां लंबे समय से रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कराने की मांग चली आ रही है। सांसद छोटेलाल खरवार ने गत अगस्त में रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव से व्यक्तिगत रूप से मिलकर रॉबर्ट्सगंज क्राॅसिंग पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कराने का अनुरोध किया था। इससे पहले भी कई जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कराए जाने को लेकर पहल की थे। रेलवे प्रशासन ने ओवरब्रिज निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी साथ ही निर्माण कार्य के लिए 52 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित कर दी। रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
अधिकारी बोले, जल्द काम शुरू होने की उम्मीद -
वहीं रेलवे विभाग के सर्वेयर तनय मंडल ने बताया कि "रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए सर्वे कार्य कराया जा रहा है। ले आउट बनकर तैयार हो चुका है, ऐसे में जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।"
जाम की समस्या से मिलेगी निजात -
शासन ने 2 साल पहले मिर्जापुर के कलवारी में घोरावल रॉबर्ट्सगंज होते हुए खलियारी तक के मार्ग को स्टेट हाईवे घोषित किया है। यह बिहार को जोड़ने वाली जिले की मुख्य सड़क है। इस मार्ग पर वाहनों का दबाव रहता है। इसी तरह विद्युतीकरण का कार्य पूरा होने के बाद चोपन-चुनार रेल मार्ग पर वर्तमान में यात्री ट्रेन एवं मालगाड़ी को लेकर करीब 30 ट्रेनों का संचालन हो रहा है। आरओबी बनने से ट्रेनों को गुजारने के लिए बंद क्रासिंग के बाद लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी।




