Sonbhadra News : आपसी विवाद में ठनका पत्नी का माथा, गुस्से में हंसुए से काटा पति का गला
विंढमगंज कोतवाली क्षेत्र के बूटबेड़वा गांव में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। पति ने अपनी पत्नी पर हसुआ से गर्दन पर वार करने का आरोप लगाया है। वहीं, पत्नी ने......

अस्पताल में भर्ती घायल पति कमल......
sonbhadra
10:00 AM, January 16, 2026
धर्मेंद्र गुप्ता (संवाददाता)
सोनभद्र । विंढमगंज कोतवाली क्षेत्र के बूटबेड़वा गांव में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। पति ने अपनी पत्नी पर हसुआ से गर्दन पर वार करने का आरोप लगाया है। वहीं, पत्नी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि पति ने खुद ब्लेड से अपने गले पर चोट पहुंचाई है। घायल पति को दुद्धी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घायल पति की पहचान कानपुर निवासी 26 वर्षीय कमल पासवान पुत्र रामेश्वर के रूप में हुई है।
घायल कमल के अनुसार, उनकी शादी लगभग आठ वर्ष पहले विंढमगंज थाना क्षेत्र के बूटबेड़वा गांव निवासी रामजन्म पासवान की बेटी आरती से हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे भी हैं। कमल गुजरात की एक टाइल्स कंपनी में मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष से उनकी पत्नी आरती अपने मायके में रह रही हैं। कई बार बुलाने के बावजूद वह उनके साथ वापस जाने को तैयार नहीं थीं। कमल का आरोप है कि वह पिछले पांच दिनों से ससुराल में रहकर पत्नी को समझाने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, पत्नी के परिजन उसे साथ भेजने को तैयार नहीं थे। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने पत्नी और बच्चों के खर्च के लिए कुल 70 हजार रुपए भेजे थे, जिसमें दो बार 30-30 हजार और एक बार 10 हजार रुपए शामिल थे।
कमल के बयान के अनुसार, गुरुवार को किसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। इसी दौरान पत्नी ने कथित तौर पर गुस्से में आकर सब्जी काटने वाले हसुआ से उनकी गर्दन पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। खून बहता देख पत्नी ही उन्हें दुद्धी के सरकारी अस्पताल लेकर आईं, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, पत्नी आरती ने पति के सभी आरोपों को निराधार बताया है। आरती का कहना है कि शादी के आठ साल हो चुके हैं, लेकिन पिछले एक वर्ष से पति ने खर्च और बच्चों के भरण-पोषण के लिए कोई पैसा नहीं भेजा। इसी कारण वह मजबूरीवश अपने मायके आ गई थीं। उन्होंने यह भी बताया कि अब पति उसे जबरन अपने साथ ले जाना चाहते हैं। वहीं हसुआ से हमला करने के आरोप पर आरती ने कहा कि उसने ऐसा कुछ नहीं किया। उसके मुताबिक कमल ने खुद ही ब्लेड से अपने गले पर चोट पहुंचाई है, जिसे घर और आसपास के लोगों ने भी देखा है।
वहीं चिकित्सकों ने घायल कमल की हालत खतरे से बताई है।




