Sonbhadra News : अब हमें कौन बांधेगा राखी... बहन की मौत पर बोला भाई
भाईयों को भी यकीन ही नहीं हो रहा कि उनकी दीदी अब इस दुनिया में नहीं रही। उनका कहना है कि अब कौन उनको

sonbhadra
2:43 PM, August 26, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र)। कनहर बांध में संदिग्ध परिस्थिति में किशोरी का शव मिलने के बाद जहाँ घर में माँ- बाप गम में डूबे हुए हैं वहीं रक्षा बंधन के पहले बड़ी बहन का इस तरह से चले जाना उनको काफी कचोट रहा है। दरअसल अंजलि अपने घर में सबसे बड़ी थी और उसके दो छोटे भाई थे। अचानक मौत से पूरा परिवार सदमें में है। वहीं भाईयों को भी यकीन ही नहीं हो रहा कि उनकी दीदी अब इस दुनिया में नहीं रही। उनका कहना है कि अब कौन उनको राखी बांधेगा।
आपको बता दें कि अमवार पुनर्वास कॉलोनी निवासी रमाशंकर की 17 वर्षीय पुत्री अंजलि रविवार को घर पर अकेली थी। परिवार के अन्य सभी सदस्य एक रिश्तेदारी में गए हुए थे। देर रात जब परिजन वापस घर लौटे तो अंजलि वहां मौजूद नहीं थी। परिजनों ने सोमवार को दिनभर अपने स्तर से सगे-संबंधियों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा। थक-हारकर परिजनों ने सोमवार की शाम अमवार पुलिस चौकी में तहरीर देकर अंजलि के लापता होने की सूचना दर्ज कराई।
लापता किशोरी की तलाश में जुटी पुलिस और परिजनों को मंगलवार सुबह तब गहरा सदमा लगा, जब घर से महज 400 मीटर की दूरी पर स्थित कनहर बांध के पानी में अंजलि का शव उतराता हुआ देखा गया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर अमवार चौकी प्रभारी फूलचंद निषाद तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया, जिसकी शिनाख्त लापता अंजलि के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया है।
शव मिलने के बाद चर्चा इस बात की हो रही कि आखिर बांध तक अंजलि पहुंची कैसे। लोगों ने कनहर बांध पर तैनात चौकीदार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा किया है।
लेकिन कुल मिलाकर जहाँ एक बाप अपनी बेटी खोया है तो वहीं रक्षा बंधन के पहले भाईयों ने अपनी बहन को भी खोया है।




