Sonbhadra News : बोरे के अभाव में ठप पड़ी गेहूं खरीद, आक्रोशित किसानों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
जिले में गेहूं खरीद केंद्रों पर बोरे की भारी कमी के चलते किसानों की फसल की खरीद पूरी तरह प्रभावित हो गई है। शासन द्वारा 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू करने के आदेश के बावजूद कई केंद्रों पर बोरे......

sonbhadra
11:42 AM, April 10, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में गेहूं खरीद केंद्रों पर बोरे की भारी कमी के चलते किसानों की फसल की खरीद पूरी तरह प्रभावित हो गई है। शासन द्वारा 1 अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू करने के आदेश के बावजूद कई केंद्रों पर बोरे उपलब्ध न होने के कारण खरीद प्रक्रिया ठप पड़ी है। इससे नाराज किसानों ने राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले प्रदेश संयोजक चंद्रभूषण पांडेय के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद को संबोधित ज्ञापन सौंपा और जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
किसानों का कहना है कि जब सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से गेहूं खरीद केंद्रों को सक्रिय करने का आदेश जारी कर दिया है, तो इसके बावजूद क्रय केंद्रों पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध न होना गंभीर लापरवाही है। किसानों ने आरोप लगाया कि बोरा उपलब्ध न होने के कारण केंद्रों पर गेहूं की खरीद पूरी तरह बंद है, जिससे किसान अपनी उपज बेचने के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रदेश संयोजक चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि मौजूदा हालात में किसान अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए मजबूरी में गेहूं को बाजार में औने-पौने दामों पर बेचने को विवश हो रहे हैं। इससे किसानों को उनकी मेहनत और लागत के अनुरूप उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए शासन की मंशा के अनुरूप क्रय केंद्रों पर तत्काल बोरे की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि गेहूं की खरीद सुचारु रूप से शुरू हो सके और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने चेतावनी भी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान प्रभाशंकर मिश्रा, विजेंद्र सिंह, बंटी, कमला प्रसाद, संतोष यादव, रंगनाथ मिश्रा, आलोक, रामसेवक सिंह, सत्यदेव, निलोकनाथ, विजय मौर्य, बृजभूषण मिश्रा सहित कई किसान मौजूद रहे।



