Sonbhadra News : भीषण गर्मी के बाद बदला मौसम, आंधी-बारिश से मिली राहत
जिले में सोमवार को दिनभर भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज.....

बारिश के दौरान पानी में अटखेलिया करते बच्चे.......
sonbhadra
11:08 PM, May 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में सोमवार को दिनभर भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया।
सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर दिखे। हालांकि शाम करीब चार बजे आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कुछ ही देर में आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। तेज हवा और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
आंधी-बारिश का असर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा देखने को मिला। कई स्थानों पर तेज हवाओं के चलते पेड़ और टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। वहीं बिजली के खंभों और तारों को भी नुकसान पहुंचा, जिसके चलते कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अंधेरा होते ही लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने में जुट गईं और देर रात तक मरम्मत कार्य चलता रहा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर लाइन फॉल्ट हुआ है, जिसे दुरुस्त किया जा रहा है।




