Sonbhadra News : रेनुकूट में 10 मिनट की बारिश से मौसम सुहाना, गर्मी से मिली राहत
रेनुकूट नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार की सुबह लगभग 10 मिनट तक हुई हल्की बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। सुबह आसमान में छाए घने बादलों के बीच हुई बूंदाबांदी से वातावरण सुहाना हो गया।

sonbhadra
10:14 AM, April 28, 2026
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेनुकूट (सोनभद्र) । स्थानीय नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार की सुबह लगभग 10 मिनट तक हुई हल्की बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। सुबह आसमान में छाए घने बादलों के बीच हुई बूंदाबांदी से वातावरण सुहाना हो गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। हालांकि बारिश के बाद उमस में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई, लेकिन तापमान में आई गिरावट ने लोगों को राहत दी। पिछले कई दिनों से लगातार बढ़ती गर्मी और चिलचिलाती धूप से परेशान लोगों ने इस बदलाव का स्वागत किया। सुबह के समय ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश ने जनजीवन को कुछ हद तक सहज बना दिया। सोमवार को भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहे थे, जिससे धूप की तीव्रता कम रही और लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली थी। मंगलवार को हुई बारिश ने इस राहत को और बढ़ा दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह बीच-बीच में मौसम का मिजाज बदलता रहा, तो गर्मी के प्रकोप से काफी हद तक राहत मिल सकती है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।




