Sonbhadra news : तीन दिन से जलापूर्ति ठप, बिजली संकट से भी नगरवासी परेशान
चुर्क-गुरमा नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति बाधित होने से नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

sonbhadra
4:36 PM, October 29, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। चुर्क-गुरमा नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति बाधित होने से नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार से शुक्रवार तक पानी की आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों के सामने पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, बेमौसम बारिश के चलते पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बिजली और पानी की समस्या के बीच रात में अंधेरे का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पाने के कारण संचार व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। लगातार बनी इस समस्या से नगरवासियों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
वाटर सप्लाई पंप ऑपरेटर संजय गोस्वामी ने बताया कि समरसेबल की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। पाइप फिटिंग में अभी समय लगेगा। शनिवार सुबह से जलापूर्ति चालू करने का प्रयास किया जाएगा।




