Sonbhadra news : कनहर बांध का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर पर, दो गेट खोलकर की जा रही पानी की निकासी
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते कनहर बांध का जलस्तर बढ़कर 262.200 मीटर तक पहुंच गया है।

sonbhadra
10:17 AM, August 4, 2026
राजा (संवाददाता)
अमवार (सोनभद्र)। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते कनहर बांध का जलस्तर बढ़कर 262.200 मीटर तक पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे अधिक दर्ज जलस्तर बताया जा रहा है। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए बांध के दो गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ के जलग्रहण क्षेत्र में यदि वर्षा का क्रम जारी रहता है और बांध में पानी की आवक बढ़ती है, तो आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त गेट भी खोले जा सकते हैं। विभाग लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है और स्थिति के अनुसार आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
बांध से पानी छोड़े जाने के मद्देनज़र डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदी और नालों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने तथा पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को भी अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी संभावित परिस्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
अधिकारियों का कहना है कि मौसम की स्थिति और जलग्रहण क्षेत्र में होने वाली वर्षा के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल कनहर बांध का जलस्तर लगातार निगरानी में है और जल निकासी नियंत्रित ढंग से की जा रही है।




