Sonbhadra News: बेलन का जलस्तर बढ़ा, घोरावल गुरुवल मार्ग बंद
घोरावल क्षेत्र मे सोमवार की रात से लगातार रुक रुक कर हो रही बरसात से तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांव से घोरावल नगर को जाने वाले मुख्यतः सभी रास्ते बन्द हो सकते हैं।

sonbhadra
12:24 PM, September 19, 2024
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
घोरावल। सोमवार की रात से लगातार रुक रुक कर हो रही बरसात से तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांव से घोरावल नगर को जाने वाले मुख्यतः सभी रास्ते बन्द हो सकते हैं। क्षेत्र मे बीती रात से बारिश के कारण बेलन नदी में पानी का स्तर बढ़त पर है। घोरावल की भौगोलिक स्थिति कुछ इस तरह से है कि तेज वर्षा के समय पूरब, दक्षिण व पश्चिम दिशा से बेलन नदी उत्तर से बकहर नदी का कहर इस कदर छा जाता है कि चारों तरफ से आवागमन बन्द हो जाता है। लगातार हो रही बरसात से नदियों से घिरे इस क्षेत्र में आवागमन भी मंगलवार से प्रभावित होने लगा है। मंगलवार को बेलन नदी पर बने पुल शिवद्वार, कोहरथा, लोहांड़ी मार्ग के साथ ही अन्य मार्गो पर बने पुलों के कुछ नीचे से पानी चल रहा है। घोरावल मिर्जापुर मार्ग पर बकहर नदी भी उफान पर है। मंगलवार की दोपहर के समय बकहर पुल पर से पानी बहने लगा। मंगलवार की देर शाम बरसात रुकने के बाद पानी पुल से नीचे उतर कर जाने लगा। इस स्थिति मे कुछ घण्टो के लिए आवागमन रुक गया था।धुरकरी गांव में सोनभद्र-मिर्जापुर सीमा पर बकहर नदी पर नए पुल का निर्माण लगभग 8 साल से बंद है। ऐसे में पुराने जर्जर पुल से आवागमन करने के लिए आज भी लोग विवश हैं। पुल जर्जर होने से यहां कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है।बुधवार की शाम साढ़े छह बजे से पुनः बारिश रुक रुक कर शुरू हो गई। लगातार इस तरह से बरसात होती रही तो आगामी 12 से 15 घण्टों में घोरावल के सभी सम्पर्क मार्ग पूरी तरह से ठप हो जाएंगे। गुरुवार की सुबह घोरावल गुरुवल मार्ग पर बेलन नदी का जलस्तर पुल के ऊपर होने से आवागमन पूरी तरह से बंद है। पुलिस व प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।




