Sonbhadra News : रिहन्द बांध के सात फाटकों से पानी निकासी का क्रम जारी
पिपरी स्थित रिहंद बांध से गुरुवार को भी सात फाटक खोलकर पानी निकालने का क्रम जारी रहा।

sonbhadra
5:58 PM, August 29, 2024
मनोज बर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र) । पिपरी स्थित रिहंद बांध से गुरुवार को भी सात फाटक खोलकर पानी निकालने का क्रम जारी रहा। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार सिंह ने बताया कि बांध के 7 फ़ाटकों को खोलकर पानी निकाला जा रहा है साथ ही 6 टरबाइन को चलाकर 300 मेगावाट बिजली का भी उत्पादन किया जा रहा है। लगभग 36 घंटे से फाटक खुले रहने के बावजूद बांध का जलस्तर 869.2 फीट पर ही बना हुआ है। बुधवार की सुबह 8 बजे बांध का जलस्तर 869.2 फ़ीट पहुंचने पर बांध के पहले फाटक को खोला गया बांध के कैचमेंट एरिया से लगातार आते हुए पानी को देखते हुए सुबह 10 बजे दूसरा और 11 तीसरा फाटक खोल दिया गया इसके बावजूद बांध का जलस्तर घटने की बजाय थोड़ा और बढ़ गया जिसकी वजह से शाम 5 बजे चौथा और पांचवा और शाम 6 बजे दो और फाटकों को खोल दिया गया। सभी फाटकों को 10-10 फीट खोलकर पानी निकालने का कम चलता रहा। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार की सुबह 2 फाटकों को दो-दो फीट कम कर दिया गया। बांध के 7 फाटकों को खोलकर व टरबाइन को चलाकर कल 70900 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। उधर बांध खोलने की खबर पाकर गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग खुले फाटकों को देखने पहुंच गए बांध के मुख्य गेट के साथ ही पुराने पुल और नए पुल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर फाटक खुलने का दृश्य देखते रहे और अपनी सेल्फी भी लेते रहे। भीड़ को देखते हुए पुल के आसपास कई दुकानें भी लग गई।




